Congress Protest: बैरिकेड से कूदीं प्रियंका, पुलिसकर्मी का हाथ मोड़ा, 10 तस्वीरों में कांग्रेस का प्रदर्शन

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस आज देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता जमा हुए। राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर हमला बोला।

सोनिया गांधी ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राहुल गांधी ने संसद से बाहर कांग्रेस नेताओं के साथ प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति भवन जाते समय उन्हें हिरासत में ले लिया गया। राहुल गांधी गुस्से में दिखे। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नहीं डरती है।

इसी तरह प्रियंका गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय से कांग्रेस के प्रदर्शन का नेतृत्व किया। पीएम आवास का घेराव करने के लिए बैरिकेडिंग तोड़ते हुए प्रियंका आगे बढ़ीं तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इससे पहले धरने पर बैठने के दौरान प्रियंका ने एक महिला पुलिसकर्मी का हाथ भी मोड़ दिया। कुछ पुलिसकर्मियों को धक्का भी दिया।

कांग्रेस के इस प्रदर्शन में अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, पी चिदम्बरम, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई सांसद, विधायक और नेता शामिल हुए। पूरे देश में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ हल्ला बोला।

कांग्रेस ने महंगाई, जीएसटी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ शुक्रवार की सुबह से ही मोर्चा खोल दिया। संसद से लेकर सड़क तक प्रदर्शन किया। पूरी कांग्रेस नए अंदाज में दिखी। सबसे पहले सोनिया गांधी ने कांग्रेसी सांसदों के साथ संसद में काले कपड़े पहनकर नारेबाजी की। सोनिया ने विरोध स्वरूप काला मास्क पहन रखा था।

सोनिया के बाद प्रदर्शन की कमान राहुल गांधी ने संभाल ली। राहुल संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने के लिए निकले। लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद राहुल के साथ मौजूद सभी सांसद और नेता सड़क पर ही धरने पर बैठक गए। बाद में पुलिस ने राहुल और अन्य कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में ले लिया।

राहुल के हिरासत में लिए जाने के बाद पार्टी मुख्यालय में मौजूद प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाल लिया। वे अपने सांसदों के साथ पीएम आवास घेरने के लिए निकलीं लेकिन यहां भी पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। प्रियंका बैरिकेड कूदकर आगे बढ़ीं। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गईं। एक पुलिसकर्मी को प्रियंका धक्का देते हुए नजर आ रहीं हैं। इसके बाद वह सांसदों और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गईं। जब उन्हें उठाया जाने लगा तो उन्होंने एक पुलिसकर्मी का हाथ भी मोड़ दिया। इस तस्वीर को खुद कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया गया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *