आपात आपदा की स्थिति में कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी हैं, सायरन बजने पर क्या करना है, मौके पर उपलब्ध संसाधनों से घायलों की कैसे मदद करनी है, रासायनिक व जैविक हमलों से कैसे बचना है । आपात स्थिति निर्मित होने पर अपनाई जाने वाली सावधानियां एवं जरूरतमंदों तक मदद पहुँचाने से संबंधित तमाम बारीकियां सिखाई गईं। यहाँ बात हो रही है जिला प्रशासन की पहल पर नागरिक सुरक्षा को लेकर राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह व नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय की मौजूदगी में आयोजित हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसडीआरएफ की टीम ने जीवंत प्रदर्शन कर आपदा के समय लोगों को बचाने के उपाय समझाए। साथ ही वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से नागरिक सुरक्षा व सावधानियों से संबंधित जानकारी दी गई। रासायनिक व जैविक हमलों से बचाव पर प्रजेंटेशन भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिया गया।
