ग्वालियर में सीमा सुरक्षा बल अकादमी, टेकनपुर में तकनीकी अधिकारी बुनियादी कोर्स क्रमांक-48 का भव्य शपथ परेड समारोह अकादमी टेकनपुर के वीरांगना लक्ष्मी बाई परेड स्थल पर आयोजित किया गया। तकनीकी अधिकारियों (चिकित्सा अधिकारियों) ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री ब्रजेश कुमार ने शहीद स्मारक अजेय प्रहरी पर शहीदों को पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की, तदोपरान्त परेड स्थल पहुंचे। प्रशिक्षु अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज और बीएसएफ ध्वज के तले देश के संविधान के प्रति एकता, अखंडता व संप्रभुता को बनाये रखने के लिये अपने आपको समर्पित करने की शपथ ली ताकि हर प्रकार की परिस्थितियों में सीमा प्रहरियों को भारत की प्रथम रक्षापंक्ति में शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ व सुदृढ़ बनाए रख सके । खुली स्पर्धा के माध्यम से चुने गए ये सभी चिकित्सा अधिकारी देश के अलग-अलग राज्यों से संबंध रखते है। इनके इस प्रशिक्षण के दौरान सीमा सुरक्षा बल अकादमी की प्रशिक्षण टीम ने इन्हें शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, युद्ध कौशल, निशानेबाजी, बिना हथियार लड़ने की कला, आपदा प्रबंधन, मैप रीडिंग आदि का भी ज्ञान दिया है। साथ ही संवेदनशीलता के साथ सेवा भाव हेतु भी प्रेरित किया गया। इसी तरह बल के चिकित्सीय प्रबन्धन, व्यक्तित्व निखार, बौद्धिक चरित्र निर्माण तथा नेतृत्व क्षमता पर भी विशेष ध्यान दिया है।
