न्यूजीलैंड का भारत दौरा: रोहित टी-20 के साथ-साथ पहले टेस्ट में भी कर सकते हैं कप्तानी, कोहली को मिल सकता है आराम

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 और टेस्ट सीरीज के लिए अगले 24 घंटे में टीम का एलान हो सकता है। दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। रोहित शर्मा का टी-20 सीरीज के लिए कप्तान बनना तय है। वहीं, केएल राहुल उपकप्तान हो सकते हैं।

रोहित को इसके साथ-साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भी कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। विराट कोहली ने टी-20 की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वह एक बल्लेबाज के तौर पर यह फॉर्मेट खेलते रहेंगे। वहीं, वनडे और टेस्ट में विराट कप्तानी करते रहेंगे।

टेस्ट में भी रोहित कप्तान हो सकते हैं
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा टेस्ट कप्तान विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए आराम ले रहे हैं और मुंबई में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में टीम में वापसी करेंगे। ऐसे में चयनकर्ता रोहित को जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर चुके हैं। कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी ब्रेक की वजह से टीम से बाहर रह सकते हैं।

रहाणे टेस्ट में उपकप्तान बने रहेंगे
रोहित अगर पहले टेस्ट में कप्तानी करते हैं तो अजिंक्य रहाणे ही उनके डिप्टी होंगे। वे उपकप्तान बने रहेंगे। इसके अलावा विराट की वापसी पर रहाणे ही टीम के उपकप्तान होंगे। रहाणे इंग्लैंड दौरे पर बेहद खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। वहीं, आगामी विश्व कप को देखते हुए केएल राहुल को उपकप्तानी सौंपी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर वह जिम्मेदारी संभाल सके हैं। राहुल मौजूदा समय में टी-20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं।

सीरीज का शेड्यूल
टी-20 सीरीज की शुरुआत 17 नवंबर से होगी। पहला मैच जयपुर, दूसरा मैच 19 नवंबर को रांची और आखिरी मैच 21 नवंबर को कोलकाता में खेला जाएगा। पहला टेस्ट कानपुर में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट तीन दिसंबर से सात दिसंबर के बीच मुंबई में होगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *