भूमाफियों से जिला प्रशासन ने बेशकीमती 0.606 हेक्टेयर सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई जिसकी कीमत लगभग 18 करोड़ 18 लाख रुपये आंकी गई है।

ग्वालियर जिले में सरकारी जमीनों पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जा कर अतिक्रमण किया गया है जिसको अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार मुहिम चलाई जा रही है। जिसके तहत आज जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व अनुविभाग झांसी रोड के अंतर्गत ग्राम बाराघाटा क्षेत्र में स्थित बेशकीमती लगभग 0.606 हेक्टेयर सरकारी जमीन को भूमाफियों से अतिक्रमण मुक्त कराया गया। राजस्व, पुलिस एवं नगर निगम के संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सर्वे क्रमांक 62 में स्थित इस जमीन से बेजा कब्जा हटाकर शासन के आधिपत्य में लिया। भूमाफियों से अतिक्रमण मुक्त कराई गई शासकीय भूमि की कीमत लगभग 18 करोड़ 18 लाख रुपये आंकी गई है। एसडीएम झाँसी रोड अतुल सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस शासकीय भूमि पर अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा पक्का निर्माण कर टीन शेड से ढककर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। साथ ही, भूमि पर दो बड़े गोदाम बनाए गए थे, जिनसे किराया भी वसूला जा रहा था। अतिक्रमण हटाने के लिए न्यायालय तहसीलदार वृत्त महलगांव, तहसील सिटी सेंटर द्वारा गत 5 अगस्त 2026 को अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध बेदखली आदेश जारी किया गया था। इस आदेश में सात दिवस के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर आज जिला प्रशासन की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।