PM Modi Deoghar Visit Live: पीएम मोदी बोले- शॉर्ट-कट की राजनीति करने वाले कभी नहीं बनाएंगे नए एयरपोर्ट, एम्स और आधुनिक हाईवे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने झारखंड दौरे के तहत बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे। उन्होंने यहां एयरपोर्ट के साथ 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।  कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि बाबा धाम आकर हर किसी का मन प्रसन्न हो जाता है। आज हम सभी को देवघर से झारखंड के विकास को गति देने का सौभाग्य मिला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं देशवासियों को शॉर्ट-कट की राजनीति से बचकर रहने का आग्रह कर रहा हूं। शॉर्ट-कट की राजनीति करने वाले कभी नए एयरपोर्ट नहीं बनवाएंगे, कभी नए, आधुनिक हाईवेज नहीं बनवाएंगे। शॉर्ट-कट की राजनीति करने वाले कभी एम्स नहीं बनवाएंगे, हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज के लिए मेहनत नहीं करेंगे।”

शॉर्ट-कट वालों का शॉर्ट सर्किट हो ही जाता है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “हमारी सरकार गरीब की मुश्किल समझती है, गरीब के सुख-दुख की साथी है। कोरोना के इस कालखंड में, 100 साल की सबसे बड़ी महामारी आई। इस दौरान हमारी सरकार ने गरीब को मुफ्त वैक्सीन से लेकर उसके खाने-पीने तक हर चीज का ध्यान रखा।’ उन्होंने आगे कहा, ‘आज हमारे देश के सामने एक ऐसी चुनौती आ खड़ी हुई है, जिसे हर देशवासी को जानना और समझना है। ये चुनौती है, शार्टकट की राजनीति की। बहुत आसान होता है लोक लुभावने वादे करके, शार्टकट अपनाकर लोगों से वोट बटोर लेना।”

मोदी ने कहा, “शार्टकट वालों को ना मेहनत करनी पड़ती है और ना ही उन्हें दूरगामी परिणामों के बारे में सोचना पड़ता है। लेकिन ये बहुत बड़ी सच्चाई है कि जिस देश की राजनीति शॉर्टकट पर आधारित हो जाती है, उसका एक ना एक दिन शॉट सर्किट भी हो ही जाता है।”

‘कुछ सरकारों के दिल में सेवा भाव नहीं, सत्ता भाव’

प्रधानमंत्री ने कहा, “कुछ सरकारें होती हैं, जिसके दिल में सेवा भाव नहीं, सत्ता भाव भर जाता है। ये सत्ता भाव के कारण जो लंबे समय तक जो सरकारों में रहे, उनकी प्राथमिकता, सत्ता पाना होती है, सेवा कभी उनकी प्राथमिकता नहीं रही। भाजपा की सरकार, एनडीए की सरकार, गरीब की सेवा की भावना से, उनके लिए जी-जान से काम कर रही है।”

‘हमारे लिए सबका साथ-सबका विकाक सिर्फ नारा नहीं’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मुझे विश्वास है कि जो परियोजनाएं आज हमने शुरू की हैं, वो झारखंड के विकास को नई गति देने जा रही हैं। हमारे लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास ये सिर्फ नारा नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि बीते 8 वर्षों में हमने उनको सशक्त किया है, जिनको पहले सिर्फ राजनीतिक नारों में समेट दिया गया था। वो गरीब, वो आदिवासी, वो दलित, वो पिछड़ा, वो बहनें-बेटियां जिनका नंबर हमेशा सबसे अंत में आता था, वो आज हमारी प्राथमिकताओं में पहली पायदान पर हैं।

बाबा की नगरी में पीएम मोदी ने किया रोड शो

झारखंड में देवघर एयरपोर्ट समेत के साथ 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो निकालकर जनता का अभिवादन किया। इस दौरान पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी थी।
Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *