ग्वालियर नगर निगम द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत वार्ड 61 स्थित पृथ्वी ताल के सौंदर्यकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की । निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पृथ्वी ताल की एप्रोच रोड को और बेहतर बनाने, क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने तथा शेष छोटे-मोटे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। आप को बता दे की करीब 7.27 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला पृथ्वी ताल जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। परियोजना के तहत तालाब में जमा गाद और सिल्ट की सफाई कर उसकी जलधारण क्षमता को बढ़ाया जा रहा है, जिससे वर्षा के समय जल का अधिक संचयन संभव हो सके। साथ ही जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए जलीय पौधों का उपयोग भी किया जाएगा ।यहा पर नगर निगम द्वारा इस परियोजना पर लगभग 3.49 करोड़ रुपये (जीएसटी सहित) की लागत से कार्य कराया जा रहा है। प्रमुख कार्यों में तालाब के दोनों ओर सफाई, जल निकासी चैनलों का सुदृढ़ीकरण, एप्रन पर स्टोन पिचिंग और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त नागरिकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, आधुनिक लाइटिंग सिस्टम तथा हरित क्षेत्र का विकास भी किया जा रहा है। इस पहल से न केवल ग्वालियर शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि जैव विविधता को भी नया जीवन मिलेगा। अनुमान है कि आने वाले समय में यहां लगभग 120 प्रकार की पक्षी प्रजातियां देखी जा सकेंगी, जिससे यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाएगा।
